धूमधाम से संपन्न हुयी मुंबई की 56 वर्ष पुरानी रामलीला

नवरात्र में 10 दिनों तक देशभर में कई स्थानों पर श्री रामलीला का भी आयोजन किया जाता है। ऐसे में मुंबई के विक्रोली पार्क साइट की रामलीला भी कई वर्षों से प्रसिद्द है। इस वर्ष यहाँ 56 वी श्री रामलीला का मंचन किया गया। रामलीला के कलाकार उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आये हुए थे। जिनकी कला को देखने के लिए दूर दूर से लोग आके भक्ति भाव में डूब जाते थे। श्री रामलीला उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर शुक्ल ने हमें बताया कि, ” इन कलाकारों का 10 दिनों तक रुकने की व्यवस्था यहीं की जाती है। इस रामलीला का आयोजन प्रति वर्ष हम इसलिए करवाते हैं ताकि आज की युवा पीढ़ी प्रभु श्री राम के चरित्र को देखे, समझे और उसे अपने जीवन में ढालने का प्रयास करे।” ज्ञात हो कि इस रामलीला में 10 दिनों तक कई गणमान्य अतिथि मुंबई और उत्तर प्रदेश से पधारे हुए थे। महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह, स्थानीय विधायक राम कदम, स्थानीय सांसद मनोज कोटक, मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप, चरणजीत सिंह सापरा, स्थानीय नगरसेवक सुधीर मोरे, नगरसेवक हारून खान, उत्तर प्रदेश से विधायक राज बाबू उपाध्याय, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य विजय बहादुर पाठक और भी कई उद्योगपति एवं समाजसेवक ने पहुंचकर श्री रामलीला के मंचन का आनंद लिया वहीँ उनका सत्कार भी अध्यक्ष महोदय चंद्रशेखर शुक्ल ने किया। दस दिनों तक चलनेवाले इस रामलीला में मंच का संचालन राजेश सिंह के द्वारा किया गया। दशहरे के अगले दिन यहीं एक विराट कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया जिसमे कानपूर से डॉ.सुरेश अवस्थी, अयोध्या से पंकज श्रीवास्तव, रायपुर छत्तीसगढ़ से रमेश विश्वहार, इटावा से राम भदावर और मुंबई से राना तबस्सुम ने अपनी अपनी कविताओं से लोगों का दिल जीत लिया। और इसका संचालन कवि डॉ.रजनीकांत मिश्र ने बड़े ही सूंदर तरीके से किया। वहीँ इस कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश के सांसद रमापति राम त्रिपाठी, मुंबई के मशहूर उद्योगपति हरबंश सिंह और वरिष्ठ समाजसेवक राजेंद्र पाखरे ने पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी।