क्रिकेट और बॉक्सिंग में बना संभागीय चैंपियन, कुल 24 पदकों के साथ लहराया जीत का परचम
55वीं केन्द्रीय विद्यालय संगठन संभागीय खेल प्रतियोगिता 2026 में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नं. 1 वायु सेना स्थल हिंडन के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। 5 मई से 7 मई 2026 तक आगरा संभाग के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और शानदार खेल भावना का परिचय देते हुए अनेक पदक अपने नाम किए।
विद्यालय ने क्रिकेट (अंडर-14 एवं अंडर-17) तथा बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर संभागीय चैंपियनशिप हासिल की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और टीम भावना ने प्रतियोगिता में सभी का ध्यान आकर्षित किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी और स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर विद्यालय को संभागीय चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वर्ण पदक विजेताओं में बॉक्सिंग प्रतियोगिता से अभिजीत सागर, वैभव सागर, आयुष और पाविका, लॉन टेनिस में अवनी गर्ग, ताइक्वांडो अंडर-14 बालक वर्ग के खिलाड़ी तथा क्रिकेट की अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक टीमें शामिल रहीं।
रजत पदक विजेताओं में बॉक्सिंग से सरविका और मोहम्मद अदनान, एथलेटिक्स में काव्या (600 मीटर दौड़), अंडर-14 रिले 100×4 टीम, ताइक्वांडो अंडर-14 बालिका वर्ग तथा योगा प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग (आर्टिस्टिक योगा) की टीम शामिल रही।
कांस्य पदक विजेताओं में बॉक्सिंग से एकांश पाल एवं अभय पंवार, एथलेटिक्स में निधि (800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़), शतरंज प्रतियोगिता में आयुष कुमार (अंडर-17 वर्ग), ताइक्वांडो अंडर-17 बालिका वर्ग तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता की अंडर-17 बालिका टीम शामिल रही।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मुन्ना लाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अनुरक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय की उत्कृष्ट खेल संस्कृति, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करता रहा है। खिलाड़ियों की यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय ने प्रतियोगिताओं में कुल 9 स्वर्ण पदक, 7 रजत पदक और 8 कांस्य पदक प्राप्त कर संभाग स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।





