तीरथ सिंह रावत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से उत्तराखंड भाजपा में उत्साह, पहाड़ में खुशी की लहर

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में तीरथ सिंह रावत को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद उत्तराखंड भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

उत्तराखंड से भाजपा की राष्ट्रीय टीम में चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तीरथ सिंह रावत की संगठन में मजबूत पकड़, पहाड़ के गांवों तक उनकी पहुंच और लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ आने वाले 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिल सकता है।

तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में उनकी भूमिका अहम हो सकती है।

उनकी नियुक्ति की खबर के बाद उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में समर्थकों के बीच खुशी की लहर देखने को मिल रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि तीरथ सिंह रावत को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी से उत्तराखंड का राजनीतिक कद और मजबूत हुआ है तथा आगामी चुनाव में भाजपा के लिए जीत की राह आसान करने में यह फैसला महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का गठन 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक तैयारियों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।