मायावती का बड़ा फैसला, राष्ट्रपति चुनाव में NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देगी बसपा

राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है… बीजेपी के आदिवासी कार्ड ने विपक्षी दलों को भी राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के मुद्दे पर पशोपेश में डाल दिया है… ओडिशा से आने वाली आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू ने विपक्षी खेमे में सेंध लगा दी है… बसपा प्रमुख मायावती ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान कर दिया है… यूपी की राजधानी लखनऊ में बसपा प्रमुख मायावती ने ऐलान किया कि हमने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है… मायावती ने एनडीए कैंडिडेट के समर्थन को लेकर उठाए जा सकने वाले सवालों के जवाब भी दिए… उन्होंने कहा कि हमने ये फैसला ना तो बीजेपी या एनडीए के पक्ष में, ना ही विपक्ष के विरोध में लिया है… मायावती ने ये भी साफ किया कि हमने ये फैसला अपनी पार्टी और आंदोलन को ध्यान में रखते हुए ही लिया है… गौरतलब है कि बसपा, दलित मूवमेंट से उपजी पार्टी है… पार्टी का बेस वोट बैंक भी दलित है… एनडीए कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं… ऐसे में बसपा भी इस उहापोह में फंसी थी कि द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें कि विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का…