भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव इस्कॉन नोएडा में बड़े ही जोर शोर से तैयारियाँ

नोएडा – 6 सितम्बर 2023 बृहस्पतिवार को 7 सितम्बर को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में इस्कॉन नोएडा में बड़े ही जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। पूरे मन्दिर को फूलों तथा अन्य साज सामान से सजाया जा रहा है। महिलाएं भगवान् के सुन्दर श्रृंगार के लिए फूल माला बनाने में लगी हुई हैं। मन्दिर की साज सज्जा के लिए वृन्दावन से फूल मंगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त विदेशों से आयातित विभिन्न प्रकार के रंग बिरंगे फूलों का भी प्रयोग किया जाएगा। मन्दिर से जुड़ी महिला भक्त भगवान् के भोग के लिए देशी और विदेशी 256 प्रकार के विभिन्न व्यंजन बनाने में जुटी हुई हैं जिसमें नमकीन, मिठाईयां, परांठे, कचौरी, खीर, केक, पिज्जा, पास्ता, वेरिटोज, टकोस इत्यादि सम्मिलित हैं। मन्दिर को सुन्दर ढंग से सजाया जा रहा है। पूरे मन्दिर को रंग बिरंगी लाइटों एवं फूलों से सजाया गया है। भगवान का पञ्च गव्य (दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस एवं पुष्प) से सुन्दर अभिषेक किया जाएगा। भगवान का दर्शन पूरे दिन प्रात: 4:30 बजे से रात्रि 12 बजे तक खुला रहेगा। पूरे दिन भगवान के पवित्र नाम का कीर्तन होगा तथा सभी के लिए पूरा दिन प्रसादम वितरित किया जाएगा। इस वर्ष इस उत्सव में देश विदेश के भक्तों सहित लगभग पाँच लाख लोगों के सम्मिलित होने की आशा है।