गाजियाबाद के नंदग्राम में खुलेआम बिक रहा गांजा, पुलिस संरक्षण के आरोपों से बढ़ी चर्चा

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नंदग्राम पुलिस चौकी इन दिनों गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार खुलेआम चल रहा है और इसे लेकर पुलिस की मिलीभगत एवं संरक्षण के आरोप लग रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि गांजा और अन्य नशे के पदार्थों की बिक्री अब किसी छुपे हुए कार्य की तरह नहीं, बल्कि खुलेआम हो रही है। आरोप है कि चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह की शह पर यह अवैध व्यापार निडरता से फलफूल रहा है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें कथित तौर पर नंदग्राम क्षेत्र के दीनदयाल पुरी इलाके में नशे का सौदा होते हुए देखा जा सकता है। इन वीडियो के सामने आने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई ठोस कदम न उठाया जाना, स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नंदग्राम चौकी क्षेत्र में चल रहे इस अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि नशे का फैलता यह जाल न केवल युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल रहा है, बल्कि पुलिस की साख को भी गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है।