UNSC में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पर भारत ने नहीं डाले वोट, हिंसा का किया विरोध

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शुक्रवार को यूक्रेन पर रूसी हमले को रोकने और सेना को वापस बुलाने के प्रस्ताव पर मतदान हुआ… इस दौरान रूस ने प्रस्ताव पर वीटो किया… सुरक्षा परिषद के पांच स्थाई सदस्यों में रूस भी शामिल है… उधर, भारत, चीन और यूएई ने हमले की निंदा करते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया… संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन पर हमले के खिलाफ पेश किए गए प्रस्ताव के समर्थन में 15 में से 11 सदस्य देशों ने वोट किया… वहीं, रूस ने इस प्रस्ताव के खिलाफ वीटो का इस्तेमाल किया… ये पहले से तय माना जा रहा था कि रूस प्रस्ताव को खारिज करने के लिए वीटो का इस्तेमाल कर सकता है… बैठक में बहस के दौरान अमेरिका ने रूसी हमले की निंदा करते हुए रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर बैन लगाने की बात कही, तो ब्रिटेन ने आरोप लगाया कि रूसी टैंक आम लोगों को कुचल रहे हैं, लेकिन भारत ने बेहद संतुलित रुख अपनाते हुए सभी विवादित मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया… भारत ने कहा कि इस बात से खेद है कि कूटनीति का रास्ता छोड़ दिया गया है, हमें उस पर लौटना होगा… इन सभी कारणों से भारत ने इस प्रस्ताव पर परहेज़ करने का विकल्प चुना है…