श्रीलंका के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री का प्रेस वक्तव्य

Your Excellency राष्ट्रपति गोताबय राजपक्ष,
श्रीलंका और भारत के वरिष्ठ अधिकारीगण,
Friends,
आयुबोवन।
वणक्कम।
नमस्कार।

राष्ट्रपति गोताबय राजपक्ष और उनके delegation का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। चुनाव में निर्णायक जीत के लिए मैं राष्ट्रपति महोदय को हार्दिक बधाई देता हूं। चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई, इसके लिए मैं श्रीलंका की जनता को बधाई देता हूँ। श्रीलंका में लोकतंत्र की मजबूती और परिपक्वता बहुत गर्व और खुशी का विषय है। यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि राष्ट्रपति राजपक्ष ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना और पद संभालने के दो हफ्ते के भीतर भारत में हमें उनका सम्मान करने का मौका दिया। यह भारत और श्रीलंका के मित्रतापूर्ण संबंधों की मजबूती और dynamism का प्रतीक है। यह इस बात का भी संकेत है कि दोनों देश इन संबंधों को कितना महत्व देते हैं। दोनों देशों की प्रगति और हमारे इस पूरे साझा क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए हम राष्ट्रपति राजपक्ष के साथ घनिष्ठ रूप से कार्य करने के लिए तत्पर हैं।

Excellency,

आपको प्राप्त जनादेश एक संगठित, मजबूत और समृद्ध श्रीलंका के लिए श्रीलंका के लोगों की आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करता है। इस संबंध में भारत की शुभेच्छा और सहयोग हमेशा श्रीलंका के साथ है । एक स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध श्रीलंका न केवल भारत के हित में है, बल्कि संपूर्ण Indian Ocean Region के भी हित में है।