श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मुम्बई हवाई अड्डे से 300 हज यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया

केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यह कहा कि केन्द्र सरकार ने हज-2017 की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे हज यात्रियो को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकेगी।

श्री नकवी ने आज मुम्बई के छत्रपति शिवाजी अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 300 हज यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। श्री नकवी ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दी। इस साल मुम्बई से 5600 हज यात्री रवाना हो रहे है। श्री नकवी ने कहा कि हज 2017 पूरी तरह से सफल रहा है सरकार ने हज यात्रियों की सुविधा और यात्रा की सारी तैयारियां समय से पहले ही पूरी कर ली है। श्री नकवी ने यह भी बताया कि नई हज नीति बहुत जल्द पूरी कर ली जाएगी। और अगले वर्ष से हज यात्रा नए नीति के अनुसार होगी। नई हज नीति का उद्देश्य हज प्रक्रिया को पारदर्शी और सुखद बनाना है।

पहले चरण में लगभग 85 हजार हज यात्री सुऊदी अरब जाएंगे। पहले चरण में दिल्ली, गया, गोवा, गुवाहाटी, कोलकाता, लखनऊ, मंगलौर, श्रीनगर और वाराणसी से यात्री रवाना होंगे।

दूसरे चरण में बैंगलौर, भोपाल, राँची, नागपुर, मुम्बई, हैदराबाद, कोच्चिन, चैन्नई, औरंगाबाद, अहमदाबाद और इन्दौर हो कर जाएंगे। दूसरा चरण 26 अगस्त को समाप्त होगा। श्री नकवी ने यह भी बताया कि नई हज नीति के तहत यात्रियों को समुद्री मार्ग के जरिए हज यात्रा कराए जाने का विकल्प भी देखा जा रहा है। इससे हज यात्रा पर आने वाला खर्च लगभग आधा हो जाएगा। उन्होने यह भी बताया कि इस समय आधुनिक और सुविधाओं से लैस फैरी उपलब्ध है जिन में चार से पाँच हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। यह 2300 नोटिकल मील की दूरी 2 से 3 दिन के भीतर पूरा कर लेते है। पुराने जहाजों से यह दूरी पूरा करने में 12 से 15 दिन लग जाते थे।

सऊदी अरब ने इस वर्ष भारत से हज यात्रियों की संख्या का कोटा 34,005 बढा दिया है। इस से वर्ष 1,70,025 यात्री हज कर सकेंगे।