महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के यह कहने के एक दिन बाद कि उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह पता चला है कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए भी पहले ही समझौता कर लिया है… द इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि एनसीपी 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य में 13-15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी… रिपोर्ट में अजित पवार खेमे के एक वरिष्ठ एनसीपी नेता के हवाले से कहा गया है, ’90 विधानसभा सीटों के बारे में बयान बहुत तार्किक है… लेकिन यह भी तय हो गया है कि एनसीपी 13-15 लोकसभा सीटों पर भी चुनाव लड़ेगी… इसमें 4 सीटें शामिल होंगी जिनमें एनसीपी के मौजूदा सांसद हैं और औरंगाबाद जैसी सीटें भी शामिल हैं, जहां विपक्ष ने 2019 में जीत हासिल की थी.’ बता दें कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में रायगढ़, बारामती, शिरूर और सतारा लोकसभा सीटें जीती थीं… इसके अतिरिक्त, कांग्रेस-एनसीपी ने नवनीत राणा का समर्थन किया, जो अमरावती से निर्दलीय जीती थीं, लेकिन बाद में उन्होंने भाजपा से हाथ मिलाना चुना… उधर, भाजपा के साथ एनसीपी के समझौते से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना खेमे में तनाव और बढ़ने की संभावना है, जो पहले से ही अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के आने के बाद उन्हें आवंटित किए जाने वाले कैबिनेट विभागों की संख्या में कटौती से नाराज है…
