रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने गुजरात के केवड़िया में DefExpo-2022 की तैयारियों का जायजा लिया

कार्यक्रम गांधीनगर में 10-13 मार्च, 2022 के बीच होगा

हितेन शुक्ला, गुजरात: रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री श्री विजय रूपानी ने 02 सितंबर, 2021 को केवडिया, गुजरात में संयुक्त रूप से DefExpo-2022 की तैयारियों की समीक्षा की। DefExpo का यह 12 वां संस्करण है, जो  भारत को थल, नौसेना, वायु और होमलैंड सुरक्षा प्रणालियों और रक्षा इंजीनियरिंग का एक प्रमुख गंतव्य बनाने के लिए 10-13 मार्च, 2022 के बीच गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होगा।

बैठक के दौरान, श्री राजनाथ सिंह और रक्षा मंत्रालय और गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उल्लेख किया कि फरवरी 2020 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित DefExpo (डेफएक्सपो) का पिछला संस्करण जबरदस्त सफल था, इसका कारण भारत सरकार और राज्य सरकार के बीच खास तालमेल का होना था।  DefExpo-2022 स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के साथ मेल खा रहा है, जिसे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है, इसलिए इस बात पर सहमति हुई कि इस आयोजन की सफलता के लिए सभी स्तरों पर अधिक सक्रिय भागीदारी और खास प्रयासों की आवश्यकता है। 

चल रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री ने सभी हितधारकों से आगामी कार्यक्रम में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि DefExpo-2022 में इसके पिछले संस्करण की तुलना में घरेलू ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व बहुत अधिक होगा। ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए, श्री राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत जल्द ही एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि “हम अपने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कल्पना के अनुसार ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में बड़ा कदम उठा रहे हैं।” हम जल्द ही रक्षा में आत्मनिर्भरता हासिल कर पाएंगे। हमारा उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम करना और रक्षा निर्यात बढ़ाना है।”

इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय और गुजरात सरकार के बीच DefExpo-2022 के आयोजन के लिए श्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। DefExpo-2022 एक हाइब्रिड बिजनेस इवेंट होगा, जिसमें प्रदर्शनी केंद्र में हैलीपेड और महात्मा मंदिर में सम्मेलन और प्रदर्शनी की योजना है। अहमदाबाद में साबरमती रिवर फ्रंट पर हथियारों और रक्षा प्लेटफार्मों के लाइव प्रदर्शन की भी योजना बनाई जा रही है।

समीक्षा बैठक में सचिव (रक्षा उत्पादन) श्री राज कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग और खान, गुजरात डॉ राजीव कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव (एयरोस्पेस) श्री चंद्रकेर भारती, उद्योग आयुक्त और INDEXTb के चेयरमैन डॉ. राहुल बी गुप्ता शामिल थे।

DefExpo-2022 का उद्देश्य रक्षा में ‘आत्मनिर्भर भारत’ को प्राप्त करने और 2024 तक पाँच बिलियन अमरीकी डालर के रक्षा निर्यात लक्ष्य तक पहुँचने का है। इसका उद्देश्य भारत को थल, नौसेना, वायु और होमलैंड सुरक्षा प्रणालियों और रक्षा इंजीनियरिंग का एक प्रमुख गंतव्य बनाना है। भविष्य में युद्ध स्थितियों को ध्यान में रखते हुए, इस आयोजन का उद्देश्य लड़ाइयों में विघटनकारी प्रौद्योगिकियों के प्रभाव और आवश्यक उपकरणों के साथ विभिन्न प्लेटफार्मों पर इसके परिणामी प्रभाव को पहचानना है।

DefExpo-2022 का आयोजन COVID-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा और इसका उद्देश्य अधिकतम अंतरराष्ट्रीय और घरेलू भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम की योजना कुछ इस प्रकार है-

* निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए रक्षा मंत्रियों के स्तर का एक सम्मेलन।

* उपस्थित लोगों को कार्यक्रम में शामिल करने और विभिन्न सेमिनारों में भाग लेने, B2B बैठकें आयोजित करने, उत्पादों को देखने और विचारों / व्यावसायिक प्रस्तावों का आदान-प्रदान करने के लिए एक हाईब्रिड प्रणाली।

* थल, नौसेना, वायु और होमलैंड सुरक्षा प्रणालियों का प्रदर्शन करने के लिए सेवाओं, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और उद्योग की ओर से लाइव प्रदर्शन।

* खास विषय वस्तु पर अंतरराष्ट्रीय और भारतीय उद्योग चैबर के विशेषज्ञों के विचारों को जानने के लिए बिजनेस सेमिनार।

गुजरात सरकार का लक्ष्य अपने एयरस्पेस और रक्षा दृष्टि को आगे बढ़ाने और विदेशी निवेश की तलाश करने के अवसर का उपयोग करना है।

अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस और रक्षा कैलेंडर के प्रमुख आयोजनों में से एक DefExpo में पार्टिसिपेंट्स की भागीदारी हर साल बढ़ी है। DefExpo 2020 में प्रदर्शनी का विस्तार 75,000 वर्ग मीटर से अधिक था, जिसमें 1,000 से अधिक प्रदर्शनकर्ताओं की भागीदारी रही है। इस कार्यक्रम में 40 विभिन्न देशों के रक्षा मंत्रियों की उपस्थिति के साथ 70 देशों की भागीदारी भी देखी गई। कार्यक्रम में 200 से अधिक साझेदारी हुई है, जिसने उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक कॉरिडोर को जबरदस्त बढ़ावा दिया है। 12 लाख से अधिक लोगों ने इस कार्यक्रम को विजिट किया है। टेंट सिटी आवास कार्यक्रम की एक और विशेषता है।

फरवरी 2021 में, भारत सख्त COVID-19 प्रोटोकॉल के अनुपालन में, बेंगलुरु में एक हाइब्रिड एयरोस्पेस प्रदर्शनी, एयरो इंडिया-2021 आयोजित करने वाला पहला देश था। रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त रेस्पॉन्स मिला।