पश्चिम रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा के विरुद्ध अप्रैल से दिसम्बर 2019 तक सघन अभियान के अंतर्गत 21.33 लाख प्रकरणों में 104.10 करोड़ रु. जुर्माने की प्राप्ति

हितेन शुक्ला

पश्चिम रेलवे द्वारा अप्रैल से दिसंबर 2019 तक बिना टिकट/ अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इसके परिणामस्वरूप बिना बुक किये गये सामान के प्रकरणों सहित बिना टिकट यात्रा अनियमित यात्रा के लगभग 21.33 लाख मामले पकड़े गये हैं।

इन मामलों में 104.10 करोड़ रु. जुर्माने स्वरूप प्राप्त किये गयेजो पिछले वर्ष की आलोच्य अवधि की तुलना में 8.85 प्रतिशत अधिक हैं इसके अतिरिक्त 2219 भिखारियों तथा 4711 अनधिकृत फेरीवालों को रेल परिसर से बाहर कर जुर्माना वसूल किया गया तथा 1134 व्यक्तियों को जेल भेजा गया।

 वहीं सिर्फ दिसम्बर, 2019 में बिना टिकट अनियमित टिकट पर यात्रा करने तथा बिना बुक किये गये सामान के प्रकरणों सहित लगभग 2.13 लाख मामलों में 10.14 करोड़ रु. जुर्माने के रूप में प्राप्त किए गए। 151 भिखारियों तथा 593 अनाधिकृत फेरीवालों को रेल परिसर से बाहर कर जुर्माना वसूल किया गया तथा 115 व्यक्तियों को भी जेल भेजा गया।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री रविंद्र भाकर द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अप्रैल से दिसम्बर, 2019 के दौरान पश्चिम रेलवे के वाणिज्य विभाग द्वारा दलालों तथा असामाजिक तत्त्वों के विरुद्ध पश्चिम रेलवे द्वारा 2124 जाँचें आयोजित की गईं। इनके परिणामस्वरूप 1821 व्यक्तियों को पकड़ा गया तथा रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा चलाकर उनसे जुर्माना प्राप्त किया गया।

 सुरक्षिणी दस्ते द्वारा रेलवे परिसंचरण क्षेत्रों से 1632 भिखारियों को वहाँ से हटाया गयाजबकि सिर्फ दिसम्बर, 2019 में 100 भिखारियों को हटाया गया। सिर्फ दिसम्बर 2019 के दौरान दलालों और अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध 263 जाँचें की गई तथा 112 व्यक्तियों तो पकड़ा भी गया। इसके अलावा रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उनपर मुकदमा चलाया गया और उनसे जुर्माना भी प्राप्त किया गया।

पश्चिम रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से ऐसे सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती रही है अपने अधिकृत रेल उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा बिना टिकट यात्रा में कमी लाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे द्वारा हमेशा कारगर कदम उठाये जाते रहे हैं।

 पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बिना टिकट यात्रा के कारण होने वाली राजस्व क्षति तथा इस तरह की अन्य अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी रखी जाती है। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे उचित टिकट खरीदकर सम्मान के साथ यात्रा करें।