श्री नित्यानंद राय ने राष्ट्रीय एकता यात्रा पर आए मणिपुर के छात्रों को संबोधित किया

असम राइफल्स द्वारा कुम्बी (जिला विष्णुपुर), मणिपुर के छात्रों के लिए 8 से 28 नवंबर 2019 तक दिल्ली और आगरा भ्रमण के लिए राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस 24 सदस्यों वाले दल में छात्र, शिक्षण स्टाफ और असम राइफल्स के अधिकारी शामिल हैं। इन्होंने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय से मुलाकात की। इस यात्रा का उद्देश्य भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत से छात्रों को अवगत कराना, अन्य राज्यों के लोगों के साथ बातचीत करना, मैत्री संबंधों को विकसित करना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाना है।

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें जीवन में सफल होने के लिए ज्ञान और शिक्षा प्राप्त करने का सदैव प्रयास करना चाहिए। हम सभी को अपने देश के बारे में ज्ञान प्राप्त करना चाहिए और देश के इतिहास, संस्कृति और परंपरा पर गर्व महसूस करना चाहिए। प्राचीन समय से ही पूर्वोत्तर की अनेक हस्तियों ने देश की रक्षा और निर्माण में काफी योगदान दिया है।

श्री राय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पूर्वोत्तर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा इस दिशा में पहले ही कई उपाय किए जा चुके हैं। श्री राय ने भारत सरकार की उज्ज्वला और स्वच्छ भारत जैसी अन्य कई योजनाओं के बारे में उनके साथ बातचीत की और कहा कि ये योजनाएं धीरे-धीरे लेकिन मजबूती से पूर्वोत्तर सहित देश के लोगों के जीवन में लगातार बदलाव ला रही हैं।

अपनी इस पहल के लिए असम राइफल्स को बधाई देते हुए श्री राय ने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण छात्रों को देश की मौजूदा विविधता को समझने में मदद करते हैं। चाहे वे क्षेत्रीय, धार्मिक, सांस्कृतिक, भाषाई विविधताएं हीं क्यों न हों। इससे उन्हें राष्ट्र की विविधता में एकता के बारे में जानकर गर्व का अनुभव होता है। श्री राय ने छात्रों को अपने नजदीकी और प्रिय जनों के साथ इस यात्रा के अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि उन्हें भी देश में मौजूद विविधता के बारे में भी पता चल सके।

असम राइफल्स की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डालते हुए, श्री नित्यानंद राय ने कहा कि ये पूर्वोत्तर में लोगों के मित्र और सीमाओं के प्रहरी हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हरेक छात्र को हमारे देश की पूर्वी सीमा को सुरक्षा करने और वहां स्थायी रूप से शांति स्थापित करने में इस बल के समर्पण के बारे में जानकारी होनी चाहिए। ये  पूर्वोत्तर में सरकार की विकास योजनाओं को लागू करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री राय ने छात्रों के साथ बातचीत की और उनके प्रश्नों के जवाब दिए। उन्होंने छात्रों के  उज्ज्वल भविष्य की कामना की।