माफिया डॉन अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से सड़क के रास्ते से प्रयागराज लाया जा रहा है… और बताया जा रहा है कि अतीक अहमद साबरमती से रवाना होते समय वैन में मौजूद सिपाही पर भड़क गया था… अतीक ने अपना डर तो जाहिर किया ही साथ ही उसने यह भी कहा कि उसे मालूम है कि प्लान क्या है… अतीक कह रहा था, “हमको इनका प्रोग्राम मालूम है, हत्या करना चाहते हैं.” बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम रविवार शाम को माफिया और नेता अतीक अहमद को गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती केंद्रीय जेल से लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुई… अतीक अहमद को अदालत के सामने पेश किया जाएगा, जो 28 मार्च को एक अपहरण मामले में आदेश पारित करने वाली है, जिसमें वह आरोपी है… उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम सुबह साबरमती जेल पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शाम करीब छह बजे एक पुलिस वैन में अहमद को लेकर निकल गई… इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे… समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद अतीक अहमद जून 2019 से साबरमती जेल में बंद हैं… उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार, अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश से साबरमती जेल शिफ्ट कर दिया गया था… प्रयागराज के पुलिस आयुक्त रमित शर्मा ने कहा कि प्रयागराज पुलिस की एक टीम को अतीक अहमद को लाने के लिए भेजा गया है, जिसे दी गई तारीख पर अदालत में पेश करना है…
